Showing posts with label गीता दत्त. Show all posts
Showing posts with label गीता दत्त. Show all posts

Saturday, 14 February 2015

फिल्म ''नीली आँखें ''


    अजीत फिल्म ''नीली आँखें ''(१९६२) में

                                                        -अनिल वर्मा 
 
       

                    



                                           फिल्म '' नीली आखें '' सोसाइटी पिक्चर्स के बैनर तले  बनी थी. सन १९६२ में रिलीज़ इस फिल्म के निर्देशक वेद मारन और प्रोड्यूसर अब्दुल रहीम थे। अजीत की यह  एकलौती फिल्म है ,जिसमे  उनका डबल रोल नज़र आता है । उस दौर की निहायत खूबसूरत अदाकारा  शकीला उनकी  नायिका थी . उनके साथ फिल्म में हेलेन , राज मेहरा , तिवारी ,शेट्टी, जॉनी वॉकर , टुनटुन के भी अहम किरदार थे। निसंदेह यह एक दोयम दर्जे की फिल्म थी ,जिसकी कहानी बेहद  कमजोर थी ,निर्देशन भी औसत दर्जे का था , कलाकारों का अभिनय काफी साधारण था और इस मिस्ट्री का अंत इतना सोचा समझा था की हर दर्शक इंटरवल में ही फिल्म का अंत भाँप चुका था , नजीजा वही ढाक के तीन पात, फिल्म  फ्लॉप रही।

                                  फिर भी फिल्म का गीत -संगीत काफी उत्कृष्ट स्तर का था। अमर गायक मुकेश , मोह. रफ़ी , मन्ना डे ,सुमन कल्यानपुर ,गीता दत्त के गाये मधुर सुरीले गीतो ने फिल्म को जीवंत बनाये रखा था। गीतकार गुलशन बाबरा के गीतों को संगीत निर्देशक दाताराम वाडकर ने बखूबी सजाया सवांरा था।  फिल्म  में प्रमुख गीत इस प्रकार थे -(१ )ये नशीली हवा छा रहा नशा.…(२) नज़र का झुक जाना .…,(३) पंछी अब तू है जाल में धोका है तेरी चाल में .…(४ ) देखिये न इस तरह झूम के .…(५ ) ए  मेरी जाने वफ़ा .… (६ )  नज़रों का ऐसा कांटा ।


           फिल्म की कहानी कुछ इस प्रकार थी। लखपति सेठ  रायबहादुर (तिवारी) की इकलौती बेटी शीला (शकीला )एक गरीब कवि (अजीत प्रथम रोल)  से मोहब्बत करती है , लालची सेठ कही से हीरे हड़पने के चक्कर में है , एक अपराधी गैंग भी इसी फ़िराक में है।  कहानी आगे बढ़ती है ,जब शीला यह देखकर दंग रह जाती है कि उसका पिता अपने मरहूम दोस्त के जिस बेटे दिलीप (अजीत दूसरा रोल) को लंदन से लाता है, जो प्रेमी कवि का हमशक्ल है।  एक ज्योतिषी प्रेम यह भविष्वाणी करता है कि सेठ किसी घोर संकट में फँसने वाला है और दिलीप किसी का खून करेगा। परेशान शीला दिलीप पर नज़र रखने पंजवानी (जॉनी वाकर ) को कहती है , अचानक दिलीप कही गायब हो जाता है , फिर भारी मारधाड़ , खून खराबा और भागमभाग होती है ,हीरे भी चोरी हो जाते है।  आखिर यह पर्दाफाश हो जाता है कि दिलीप और कवि दोनों एक ही व्यक्ति अजीत है ,जो सी. आय. डी. ऑफिसर  है , प्रेम खूनी  है और सेठजी , प्रेम और उनका पार्टनर सब हीरे लूटना चाहते थे। हमेशा की तरह हीरो हीरोइन की शादी  के साथ फिल्म का सुखद अंत हो जाता है।
                                                                                                                              -अनिल वर्मा
                     

Thursday, 12 February 2015

                                                                                                                   - अनिल वर्मा 














                                            
                           निर्देशक के. अमरनाथ के होम प्रोडक्शन की सामाजिक ड्रामा की फिल्म '' बारात '' सन १९६० में रिलीज़ हुई थी।  इसमें हीरो अजीत ,हीरोइन शकीला के अलावा मुकरी ,प्रतिमा देवी ,सज्जन ,मुराद और सलीम खान थे।  जी हाँ , हमारे मशहूर सलीम जावेद की जोड़ी वाले संवाद लेखक और सलमान खान के पिता सलीम खान।  बहुत कम लोग जानते होंगे कि सलीम खान फिल्मों में बतौर एक्टर काम करने के लिये मुंबई आये थे और उन्होंने इसी फिल्म ‘बरात’ मेंअभिनय कर के अपने फ़िल्मी जीवन की शुरुआत की थी। 

                  इस फिल्म में अजीत और शकीला की बेहतरीन अदाकारी के अलावा मुकेश, मोह. रफ़ी , मन्ना डे ,लता मंगेशवर और गीता दत्त के सुरीले कर्णप्रिय गीत यादगार थे , मजरूह सुल्तानपुरी के गीतों में  चित्रगुप्त के संगीत निर्देशन में इन महान गायको ने जादू फूँक दिया था।  आपने मुकेश का यह लोकप्रिय गीत 'मुफ्त में हुए बदनाम किसी से हाय दिल को लगा के ' जरूर सुना होगा।  इसके अलावा गीत 'चलो अब कहना मान भी जाओ ' , 'अरे जाने वाले हमारी गली आना ' , 'आपने कभी न कभी सुने जरूर होगे। एक बार यू ट्यूब पर इस पुरानी लोकप्रिय फिल्म को जरूर देखे।

Tuesday, 12 August 2014

                 गुरुदत्त की वो आखिरी रात

                                                                                                                           - अनिल वर्मा 

                                              '' तेरे तअरुफ में ये कौन-सी अजनबीयत
                                                 न तुझे पाकर चैन, न तुझे खोकर चैन। ''



                            महान फिल्म अभिनेता और निर्देशक गुरुदत्त की जिंदगी का इश्क और जुनून आज भी  किसी रहस्य की तरह है. गुरुदत्त को पहले पार्श्व गायिका गीता दत्त से इश्क हुआ जिनसे उनकी शादी भी हुई और दो प्यारे बच्चे भी . फिर वो वहीदा रहमान को भी चाहने लगे.पर  दो नावों में एक साथ सवार होने की इस नाकामयाब कोशिश में गीतदत्त अनायास उनसे दूर हो गईं , वहीदा के लिए गुरुदत्त के मन में अनूठी  कशिश थी .पर 'मुझे जीने दो' के सेट पर जब गुरुदत्त को  वहीदा रहमान से इश्क का अंजाम सुनील दत्त के थप्पड़ से मिला, फिर उस दिन वहाँ से लौटने के बाद तो गुरुदत्त फिर मानों कभी होश में ही नहीं  आए. गुरुदत्त की जिंदगी अगर एक अधूरी कहानी है ,तो उनकी मौत भी एक अफसाना. यह रहस्य आज भी बरकरार है कि ३९ साल के गुरुदत्त  की मौत महज एक दुर्घटना थी या आत्महत्या, वास्तव में उस सच को भी कोई नहीं जानता, जो उनकी आखिरी रात का था.

                                दुनिया में ऐसे बहुत कम लोग होते हैं , जिन्हें मौत को गले लगाते समय अपनों की करीबी नसीब होती है. हर व्यक्ति यही चाहता है कि जब उसे आए तो उसके अपने उसके साथ हों . जिस रात के काले अंधेरों के आगोश में गुरुदत्त मौत की नींद सो गए थे ,उस रात गुरु दत्त पैडर रोड स्थित किराये के अपने आर्क रॉयल फ्लैट में अकेले थे, उन्होंने जमकर शराब पी थी, इतनी तो उन्होंने पहले कभी नहीं पी थी. गीता के साथ उनकी नोंकझोंक हो गई थी. गीता ने उनकी बिटिया को उनके साथ कुछ वक्त बिताने के लिए भेजने से इंकार कर दिया था. बैचैन गुरुदत्त अपनी पत्नी को बार–बार फोन कर रहे थे कि वह उन्हें अपनी बेटी से मिलने दे ,लेकिन गीता फोन नहीं उठा रही थी।

                                     ९ अक्टूबर १९६४ को रात के १ बजे के आसपास उनसे विदा लेने वाले आख़िरी शख्स थे उनके अजीज दोस्त अबरार अल्वी, जो उनके ड्राइंग-रूम में फिल्म  'बहारें फिर भी आएँगी' का क्लाइमेक्स दृश्य लिख रहे थे ।  विडंबना देखिये,यह माला सिन्हा द्वारा अभिनीत उस चरित्र का मृत्यु दृश्य था जो अकेलेपन,मानसिक तनाव एवं हृदयघात का शिकार होता है ।"मैं अब आराम करना चाहूँगा", गुरुदत्त को अबरार को कहे गए यह अंतिम शब्द थे , जिसके बाद अपने पीछे दृश्य लिखते अबरार को छोड़कर  चले गए  । इसके बाद उन्होंने थोड़ा सा खाना खाया और फिर ढेर सारी नींद की गोलिया भी  ,रात को 12:30 बजे उन्होंने  राजकपूर को फ़ोन किया था। गुरुदत्त ने उस रात बहुतों को फोन किया था आखिरी सांस से ऐन पहले, इसलिए, ताकि कोई उनकी तड़प सुन ले, पर किसी के पास वक्त न था। अपनी ही फिल्म 'प्यासा ' के नायक विजय और ' कागज़ के फूल ' के नायक सुरेश सिन्हा की भांति  उनके मन में कहीं गहरी दबी निराशा उभर आई, अकेलेपन के ऐसे ही क्षणों में उन्‍होंने अपना जीवन खत्‍म कर लिया, संसार छूट गया और यहाँ के सारे गम भी. लेकिन उन्‍हें जानने वाले ये कभी समझ ही न सके कि अकेलेपन और अवसाद का वह कैसा सघनतम क्षण रहा होगा , जब गुरुदत जैसे संवेदनशील कलाकार के लिए दुनिया से मुंह मोड़ लेना ही एक मात्र रास्ता बचा था . शनिवार १०  अक्टूबर१९६४ की सुबह लोगों को  यह दुखद खबर मिली – गुरुदत्त नहीं रहे, वक्त ने उन्हें वक्त से पहले ही इस दुनियां से दूर कर दिया. उन्होंने  फिल्म 'कागज़ के फूल 'में यह  कहा भी था  -

                              '' वक्त ने किया क्या हसीं सितम,तुम रहे ना तुम हम रहे ना हम
                                

                                                                                                                   - अनिल वर्मा 
                                                                    anilverma55555@gmail.com