Tuesday, 12 August 2014

                 गुरुदत्त की वो आखिरी रात

                                                                                                                           - अनिल वर्मा 

                                              '' तेरे तअरुफ में ये कौन-सी अजनबीयत
                                                 न तुझे पाकर चैन, न तुझे खोकर चैन। ''



                            महान फिल्म अभिनेता और निर्देशक गुरुदत्त की जिंदगी का इश्क और जुनून आज भी  किसी रहस्य की तरह है. गुरुदत्त को पहले पार्श्व गायिका गीता दत्त से इश्क हुआ जिनसे उनकी शादी भी हुई और दो प्यारे बच्चे भी . फिर वो वहीदा रहमान को भी चाहने लगे.पर  दो नावों में एक साथ सवार होने की इस नाकामयाब कोशिश में गीतदत्त अनायास उनसे दूर हो गईं , वहीदा के लिए गुरुदत्त के मन में अनूठी  कशिश थी .पर 'मुझे जीने दो' के सेट पर जब गुरुदत्त को  वहीदा रहमान से इश्क का अंजाम सुनील दत्त के थप्पड़ से मिला, फिर उस दिन वहाँ से लौटने के बाद तो गुरुदत्त फिर मानों कभी होश में ही नहीं  आए. गुरुदत्त की जिंदगी अगर एक अधूरी कहानी है ,तो उनकी मौत भी एक अफसाना. यह रहस्य आज भी बरकरार है कि ३९ साल के गुरुदत्त  की मौत महज एक दुर्घटना थी या आत्महत्या, वास्तव में उस सच को भी कोई नहीं जानता, जो उनकी आखिरी रात का था.

                                दुनिया में ऐसे बहुत कम लोग होते हैं , जिन्हें मौत को गले लगाते समय अपनों की करीबी नसीब होती है. हर व्यक्ति यही चाहता है कि जब उसे आए तो उसके अपने उसके साथ हों . जिस रात के काले अंधेरों के आगोश में गुरुदत्त मौत की नींद सो गए थे ,उस रात गुरु दत्त पैडर रोड स्थित किराये के अपने आर्क रॉयल फ्लैट में अकेले थे, उन्होंने जमकर शराब पी थी, इतनी तो उन्होंने पहले कभी नहीं पी थी. गीता के साथ उनकी नोंकझोंक हो गई थी. गीता ने उनकी बिटिया को उनके साथ कुछ वक्त बिताने के लिए भेजने से इंकार कर दिया था. बैचैन गुरुदत्त अपनी पत्नी को बार–बार फोन कर रहे थे कि वह उन्हें अपनी बेटी से मिलने दे ,लेकिन गीता फोन नहीं उठा रही थी।

                                     ९ अक्टूबर १९६४ को रात के १ बजे के आसपास उनसे विदा लेने वाले आख़िरी शख्स थे उनके अजीज दोस्त अबरार अल्वी, जो उनके ड्राइंग-रूम में फिल्म  'बहारें फिर भी आएँगी' का क्लाइमेक्स दृश्य लिख रहे थे ।  विडंबना देखिये,यह माला सिन्हा द्वारा अभिनीत उस चरित्र का मृत्यु दृश्य था जो अकेलेपन,मानसिक तनाव एवं हृदयघात का शिकार होता है ।"मैं अब आराम करना चाहूँगा", गुरुदत्त को अबरार को कहे गए यह अंतिम शब्द थे , जिसके बाद अपने पीछे दृश्य लिखते अबरार को छोड़कर  चले गए  । इसके बाद उन्होंने थोड़ा सा खाना खाया और फिर ढेर सारी नींद की गोलिया भी  ,रात को 12:30 बजे उन्होंने  राजकपूर को फ़ोन किया था। गुरुदत्त ने उस रात बहुतों को फोन किया था आखिरी सांस से ऐन पहले, इसलिए, ताकि कोई उनकी तड़प सुन ले, पर किसी के पास वक्त न था। अपनी ही फिल्म 'प्यासा ' के नायक विजय और ' कागज़ के फूल ' के नायक सुरेश सिन्हा की भांति  उनके मन में कहीं गहरी दबी निराशा उभर आई, अकेलेपन के ऐसे ही क्षणों में उन्‍होंने अपना जीवन खत्‍म कर लिया, संसार छूट गया और यहाँ के सारे गम भी. लेकिन उन्‍हें जानने वाले ये कभी समझ ही न सके कि अकेलेपन और अवसाद का वह कैसा सघनतम क्षण रहा होगा , जब गुरुदत जैसे संवेदनशील कलाकार के लिए दुनिया से मुंह मोड़ लेना ही एक मात्र रास्ता बचा था . शनिवार १०  अक्टूबर१९६४ की सुबह लोगों को  यह दुखद खबर मिली – गुरुदत्त नहीं रहे, वक्त ने उन्हें वक्त से पहले ही इस दुनियां से दूर कर दिया. उन्होंने  फिल्म 'कागज़ के फूल 'में यह  कहा भी था  -

                              '' वक्त ने किया क्या हसीं सितम,तुम रहे ना तुम हम रहे ना हम
                                

                                                                                                                   - अनिल वर्मा 
                                                                    anilverma55555@gmail.com

No comments:

Post a Comment